जयपुर। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर आईआईएस (डीम्ड टू बी यूनिवर्सिटी), जयपुर एवं इंडिया इंटरनेशनल स्कूल, मानसरोवर में विशेष योग कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इन कार्यक्रमों का उद्देश्य विद्यार्थियों एवं स्टाफ को योग के महत्व से अवगत कराना तथा स्वस्थ जीवनशैली के प्रति प्रेरित करना था।
आईआईएस (डीम्ड टू बी यूनिवर्सिटी) में आयोजित कार्यक्रम में योग विशेषज्ञ प्रियंका आत्रेय एवं साउंड हीलिंग तकनीक विशेषज्ञ तनुश्री राठौड़ ने प्रतिभागियों का मार्गदर्शन किया। योग सत्र के दौरान त्रिकोणासन, अर्धचक्रासन, कटिचक्रासन, भुजंगासन, वज्रासन एवं शशांकासन जैसे विभिन्न योगासनों का अभ्यास कराया गया।
कार्यक्रम के दूसरे चरण में तनुश्री राठौड़ द्वारा साउंड हीलिंग सत्र आयोजित किया गया, जिसमें तिब्बती एवं क्रिस्टल सिंगिंग बाउल्स के माध्यम से ध्वनि और कंपन द्वारा मानसिक एवं शारीरिक संतुलन स्थापित करने की प्रक्रिया समझाई गई।
वहीं, इंडिया इंटरनेशनल स्कूल, मानसरोवर में योग शिक्षक के निर्देशन में सूर्य नमस्कार, प्राणायाम एवं ध्यान का अभ्यास कराया गया। विद्यार्थियों और शिक्षकों ने पूरे उत्साह और समर्पण के साथ इसमें भाग लिया। योग के विभिन्न आसनों के दौरान सभी का एक साथ अभ्यास करना अनुशासन, एकता और स्वास्थ्य के प्रति संकल्प का प्रतीक बना।



















