गौसम्मान आह्वान का तीसरा चरण अब 17 दिसंबर को

0
58

जयपुर। विराटनगर स्थित श्री पंचखण्डपीठ पावनधाम में राष्ट्रसंत ब्रह्मलीन आचार्य स्वामी धर्मेंद्र महाराज की चतुर्थ पुण्यतिथि पर 11 से 19 सितंबर तक नौ दिवसीय आध्यात्मिक सनातन धर्मोत्सव आयोजित होगा। इसके साथ ही 11 सितंबर से 31 अक्टूबर तक 51 दिवसीय राष्ट्रीय सनातन चेतना अभियान की शुरुआत होगी।

श्री पंचखण्डपीठाधीश्वर आचार्य स्वामी सोमेन्द्र महाराज ने बताया कि देशभर में चल रहे गौसम्मान आह्वान अभियान के तीसरे चरण की तिथि में बदलाव किया गया है। अब यह चरण 27 अक्टूबर के बजाय 17 दिसंबर 2026 को आयोजित होगा। अभियान के पहले दो चरण 27 अप्रैल और 27 जुलाई को हो चुके हैं। संतों की बैठक में सर्वसम्मति से तीसरे चरण की तिथि बदली गई है।

उन्होंने बताया कि 17 दिसंबर को देश के 28 राज्यों और 8 केंद्र शासित प्रदेशों की राजधानियों में लाखों गौभक्त एकत्रित होकर राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री के नाम ज्ञापन देंगे। अभियान का उद्देश्य गोवध बंदी तथा गौमाता के सम्मान, सेवा और सुरक्षा को लेकर देशभर में व्यापक जनजागरण करना है।

नौ दिन होंगे धार्मिक आयोजन

धर्मोत्सव में प्रतिदिन सुबह 7 से 9 बजे तक एकादश रुद्र शिव अभिषेक, 9 से 11 बजे तक यज्ञानुष्ठान और सुबह 11 बजे से शाम 6 बजे तक कथा-प्रवचन होंगे। 11 से 13 सितंबर तक जगद्गुरु राजेंद्र दास देवाचार्य महाराज गौ भक्तमाल कथा करेंगे। 12 से 18 सितंबर तक मदनमोहन जी महाराज श्रीमद्भागवत कथा सुनाएंगे। 16 और 17 सितंबर को संत ज्ञानानंद जी महाराज के गीता प्रवचन होंगे, जबकि 16 से 18 सितंबर तक स्वामी गोविन्द देव गिरि महाराज श्रीकृष्ण कथा करेंगे।

3000 संतों की मौजूदगी में गौरक्षा सम्मेलन

13 सितंबर को करीब 3000 संतों और गौभक्तों की मौजूदगी में राष्ट्रीय गौरक्षा संत सम्मेलन आयोजित होगा। धर्मोत्सव के दौरान विभिन्न लोककल्याणकारी कार्यों का लोकार्पण भी किया जाएगा। 19 सितंबर को गौरक्षपीठाधीश्वर योगी आदित्यनाथ आचार्य स्वामी धर्मेंद्र महाराज की प्रतिमा का अनावरण करेंगे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here