मुख्यमंत्री कार्यालय को बम से उड़ाने की धमकी से मचा हड़कंप

0
99

जयपुर। मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) को बम से उड़ाने की धमकी मिलने से मंगलवार को राजधानी में हड़कंप मच गया। जयपुर पुलिस कंट्रोल रूम पर सुबह करीब 11 बजे अज्ञात व्यक्ति ने कॉल कर सीएमओ को बम से उड़ाने की धमकी दी। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी सक्रिय हो गए। मुख्यमंत्री कार्यालय परिसर को सुरक्षा घेरे में लेकर करीब साढ़े चार घंटे तक सघन तलाशी अभियान चलाया गया। हालांकि जांच में कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली।

धमकी की सूचना मिलते ही जयपुर दक्षिण डीसीपी राजर्षि राज मौके पर पहुंचे। बम निरोधक दस्ता, डॉग स्क्वॉड, एटीएस, एसडीआरएफ,सिविल डिफेंस की टीमें और अग्निशमन वाहन सीएमओ परिसर में तैनात किए गए। सुरक्षा टीमों ने परिसर के चप्पे-चप्पे की जांच की। करीब सुबह 10.30 बजे से शुरू हुए सर्च ऑपरेशन के दौरान भवन और आसपास के क्षेत्र को भी खंगाला गया।
जयपुर दक्षिण डीसीपी राजर्षि राज के अनुसार पुलिस कंट्रोल रूम पर आए कॉल की तकनीकी जांच शुरू की गई। पुलिस ने कॉल करने वाले नंबर का विश्लेषण कर प्रताप नगर थाना क्षेत्र से एक व्यक्ति को हिरासत में लिया। उसकी पहचान लाला कोठयारी (38) निवासी सवाई माधोपुर के रूप में बताई गई है। उसे प्रताप नगर थाने ले जाकर पूछताछ की जा रही है।

प्रारंभिक जानकारी में सामने आया है कि युवक ने नशे की हालत में धमकी भरा कॉल किया था। हालांकि धमकी देने के पीछे वास्तविक कारण क्या था और उसकी मंशा क्या थी, इसका खुलासा पुलिस की विस्तृत पूछताछ के बाद ही होगा।

गौरतलब है कि राजधानी में सीएमओ को धमकी मिलने का यह पहला मामला नहीं है। इससे पहले भी फोन कॉल और संदिग्ध ईमेल के जरिए मुख्यमंत्री कार्यालय समेत विधानसभा भवन, हाईकोर्ट, सवाई मानसिंह स्टेडियम तथा कई स्कूलों और अस्पतालों को बम से उड़ाने की धमकियां मिल चुकी हैं।

पिछले साल 11 अगस्त को भी पुलिस कंट्रोल रूम पर कॉल कर सीएमओ को बम से उड़ाने की धमकी दी गई थी। उस मामले में पुलिस ने झुंझुनूं से एक व्यक्ति को हिरासत में लिया था। बार-बार मिल रही ऐसी धमकियों के चलते सुरक्षा एजेंसियां प्रत्येक सूचना को गंभीरता से लेते हुए तत्काल सर्च और सुरक्षा जांच कर रही हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here