जयपुर। निर्जला एकादशी के पावन पर्व पर छोटी चौपड़ स्थित प्रसिद्ध श्री सीताराम जी के मंदिर में श्रद्धा और भक्ति का अनूठा संगम देखने को मिला। मंदिर के महंत नंद किशोर शर्मा के पावन सानिध्य में ठाकुर जी की भव्य जल यात्रा एवं शीतल भोग की अलौकिक झांकी सजाई गई। इस मनमोहक दृश्य के साक्षी बनने के लिए दिनभर मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा।
उत्सव के दौरान ठाकुर जी को विशेष सुगंधित द्रव्यों के साथ गंगा और यमुना नदी के मिश्रित पवित्र जल से जलविहार कराया गया। मंदिर में स्थित प्राचीन कालीन फव्वारे से करवाई गई इस जल यात्रा का उपस्थित भक्तों ने भरपूर आनंद लिया और ठाकुर जी के जयकारे लगाए।
ठाकुर जी के स्नान के पश्चात गोमुख से बहती हुई पवित्र जलधारा में श्रद्धालुओं ने भी स्नान कर पुण्य लाभ अर्जित किया। इस दौरान भक्तों ने ठाकुर जी की आराधना की और एक से बढ़कर एक मधुर भजन सुनाकर संपूर्ण माहौल को भक्तिमय कर दिया। इसके साथ ही, भीषण गर्मी को देखते हुए ठाकुर जी को शीतलता प्रदान करने वाले ऋतु फलों—आम, केला, तरबूज, खरबूज, लीची सहित शीतल रस और विभिन्न प्रकार के शीतल मिष्ठानों का महाभोग लगाया गया।
दर्शनों के बाद सभी भक्तों को सादर प्रसाद वितरित किया गया। मंदिर समिति के सदस्य विमल शर्मा ने बताया कि जलविहार का यह क्रम आगे भी जारी रहेगा। आगामी पूर्णिमा सोमवार को दोपहर 11 से 1 बजे तक राम कुमार सरकार की भव्य जलविहार झांकी सजाई जाएगी, जिसमें श्रद्धालु पुनः ठाकुर जी के इस मनोहारी रूप के दर्शन कर सकेंगे।



















