अंतिम स्थल को मिली नई गरिमा: संतों के आशीर्वाद से महाकाल मोक्षधाम का हुआ कायाकल्प

0
45

जयपुर। अजमेर रोड स्थित पुरानी चुंगी के महाकाल मोक्षधाम में 1.25 करोड़ रुपए की लागत से कराए गए जीर्णोद्धार एवं सौंदर्यीकरण कार्यों का सोमवार को श्रावण शुक्ल पंचमी पर लोकार्पण किया गया। सिविल लाइंस विधायक गोपाल शर्मा ने पूज्य संतों एवं गणमान्य नागरिकों की गरिमामयी उपस्थिति में इसे आमजन को समर्पित किया।

कार्यक्रम में ब्रह्मपीठाधीश्वर काठियापरिवाराचार्य स्वामी रामरतनदेवाचार्य महाराज, जगतगुरु दिवाकर द्वाराचार्य अवधेशदास महाराज और राजर्षि राजेश्वर महामंडलेश्वर संत लीलाधरदास महाराज सहित अनेक संतों का सान्निध्य रहा। सभी संतों ने महाकाल मोक्षधाम के नए स्वरूप की सराहना करते हुए इसे अद्वितीय, अकल्पनीय और देश भर में अनुकरणीय बताया। संतों ने कहा कि जनप्रतिनिधि यदि विजन और सेवा भाव से कार्य करे तो ऐसे स्थान भी आध्यात्मिक चेतना के केंद्र बन सकते हैं।

विधायक गोपाल शर्मा ने कहा कि मोक्षधाम केवल अंतिम संस्कार का स्थान नहीं, बल्कि सनातन परंपराओं और मानवीय संवेदनाओं से जुड़ा स्थल है। हमारा उद्देश्य शहर के मोक्षधामों को आधुनिक सुविधाओं से युक्त और गरिमापूर्ण बनाना है। क्षेत्र के विकास कार्यों की जानकारी देते हुए विधायक ने बताया कि रामेश्वरम मोक्षधाम, सोमनाथ मोक्षधाम (पंचवटी) और रामनगर मोक्षधाम में विकास कार्य तेजी से प्रगति पर हैं। खातीपुरा और बृजलालपुरा स्थित दो बड़े मोक्षधामों को आदर्श स्वरूप में विकसित करने के लिए प्रोजेक्ट टेंडर प्रक्रिया में हैं।

लोकार्पण समारोह से पूर्व श्याम नगर स्थित शनि मंदिर से सोडाणी स्वीट्स तक 500 महिलाओं ने गाजे-बाजे के साथ भव्य मंगल कलश यात्रा निकाली। कार्यक्रम के दौरान स्थानीय विकास समितियों के अध्यक्षों और अजमेर रोड व्यापार मंडल के पदाधिकारियों द्वारा विधायक गोपाल शर्मा का नागरिक अभिनंदन भी किया गया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here