रोजगार छिनने से नाराज ट्रैफिक मार्शल पहुंचे खाचरियावास के घर

0
192
Angered by the loss of their jobs, traffic marshals arrive at Khachariyawas's residence.
Angered by the loss of their jobs, traffic marshals arrive at Khachariyawas's residence.

जयपुर। शहर में ट्रैफिक मार्शलों को हटाए जाने के विरोध में सोमवार को बड़ी संख्या में मार्शल पूर्व मंत्री प्रताप सिंह खाचरियावास के निवास पर पहुंचे और अपनी समस्याएं व पीड़ा साझा की। मार्शलों ने बताया कि उन्होंने पूरी निष्ठा के साथ जयपुर की ट्रैफिक व्यवस्था को संभालने में अहम भूमिका निभाई, लेकिन अचानक हटाए जाने से वे बेरोजगारी का सामना कर रहे हैं।

मार्शलों ने बताया कि शहर में बढ़ती ट्रैफिक समस्या को देखते हुए भाजपा सरकार ने करीब 1000 ट्रैफिक मार्शलों की भर्ती की थी। उनकी तैनाती के बाद ट्रैफिक व्यवस्था में सुधार भी देखने को मिला, लेकिन इसके बावजूद उन्हें हटा दिया गया, जिससे वे आर्थिक संकट में आ गए हैं।

इस दौरान जयपुर की सड़कों पर ट्रैफिक की स्थिति को लेकर भी चिंता जताई गई। मार्शलों का कहना था कि शहर में आए दिन लंबे जाम लग रहे हैं, जिससे आमजन को भारी परेशानी उठानी पड़ रही है।

पूर्व मंत्री प्रताप सिंह खाचरियावास ने इस मुद्दे पर राज्य सरकार को घेरते हुए कहा कि यह फैसला युवाओं के साथ अन्याय है। उन्होंने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा से सवाल करते हुए कहा कि अगर मार्शलों को हटाना ही था, तो उनकी भर्ती क्यों की गई। यह सरकार की नीतियों में अस्थिरता को दर्शाता है।

खाचरियावास ने मांग की कि सरकार तुरंत हस्तक्षेप कर ट्रैफिक मार्शलों की बहाली सुनिश्चित करे, ताकि एक ओर जहां युवाओं को रोजगार मिल सके, वहीं शहर की ट्रैफिक व्यवस्था भी सुचारू हो सके।

उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया, तो कांग्रेस पार्टी इन युवाओं के समर्थन में आंदोलन करेगी और उनकी आवाज को बुलंद करेगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here