पीडब्ल्यूडी के अधिशासी अभियंता सहित दो ठेकेदारों को रिश्वत लेते दबोचा

0
52
PWD Executive Engineer and Two Contractors Caught Red-Handed Accepting Bribes
PWD Executive Engineer and Two Contractors Caught Red-Handed Accepting Bribes

जयपुर। सार्वजनिक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) में व्याप्त भ्रष्टाचार के खिलाफ भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए भीलवाड़ा जिले के शाहपुरा में अधिशाषी अभियंता को रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई में दो ठेकेदारों को भी दबोचा गया है।

एसीबी के पुलिस महानिदेशक गोविन्द गुप्ता ने बताया कि विभाग में भ्रष्टाचार की लगातार मिल रही सूचनाओं के आधार पर निगरानी रखी जा रही थी। जांच में सामने आया कि अधिशाषी अभियंता शहजाद मोहम्मद ठेकेदारों से उनके द्वारा किए गए कार्यों के भुगतान के एवज में स्वयं के साथ-साथ अधीक्षण अभियंता खेमचंद मीणा के नाम पर भी रिश्वत की वसूली कर रहा था।

एसीबी अजमेर रेंज के उप महानिरीक्षक नारायण टोगस के सुपरविजन में भीलवाड़ा प्रथम इकाई के उप अधीक्षक पारसमल के नेतृत्व में टीम ने मंगलवार को ट्रैप कार्रवाई को अंजाम दिया। कार्रवाई के दौरान अधिशाषी अभियंता शहजाद मोहम्मद को कलेक्ट्रेट कार्यालय भीलवाड़ा में ठेकेदार मोडूराम धाकड़ और बनवारीलाल से रिश्वत लेते हुए पकड़ा गया। टीम ने मौके से 4 लाख 4 हजार रुपए की रिश्वत राशि बरामद की। इस दौरान दोनों ठेकेदारों को भी हिरासत में लिया गया।

प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी अधिकारी ठेकेदारों से संगठित तरीके से ‘कलेक्शन’ कर रहा था। एसीबी अब इस पूरे नेटवर्क की गहन जांच में जुटी है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि इस मामले में और कौन-कौन अधिकारी या कर्मचारी शामिल हैं।

एसीबी अधिकारियों ने संकेत दिए हैं कि जांच के दायरे को और बढ़ाया जाएगा तथा दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। इस कार्रवाई के बाद पीडब्ल्यूडी सहित अन्य विभागों में भी हड़कंप मच गया है और भ्रष्टाचार के खिलाफ एसीबी की सख्ती का स्पष्ट संदेश गया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here