जयपुर। अजमेर रोड स्थित श्री भन्दे बालाजी धाम में बालाजी महाराज का 58वां मेला मंगलवार को शुरू हुआ। मेले में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने बालाजी महाराज के दर्शन किए। पूरे धाम में भक्तिमय वातावरण बना रहा और जयकारों से परिसर गूंज उठा।
मंदिर की सजावट कर बालाजी महाराज की अलौकिक झांकी सजाई गई। भगवान के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगी रहीं। रंग-बिरंगी रोशनी, पुष्प सज्जा एवं विशेष श्रृंगार ने मेले की शोभा को और अधिक बढ़ा दिया। दर्शन के दौरान श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिला।
अखण्ड सिद्ध धूणी में विशेष भोग लगाया गया। धूणी स्थल पर श्रद्धालुओं ने श्रद्धापूर्वक पूजा-अर्चना कर अपनी मनोकामनाओं की पूर्ति के लिए प्रार्थना की। यहां लगातार रामधुन और भजनों का आयोजन चलता रहा।
श्री हनुमान चालीसा प्रबंध समिति के संस्थापक संत अमरनाथ महाराज के सानिध्य में मेले में आने वाले श्रद्धालुओं को अर्थ सहित श्री हनुमान चालीसा पुस्तकों का वितरण किया गया। इस दौरान श्रद्धालुओं को हनुमान चालीसा की चौपाइयों का सरल भाषा में अर्थ भी समझाया गया। मेले में आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए जगह-जगह भंडारे एवं शीतल सरबत की व्यवस्था की गई।
हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया और सेवाभावी कार्यकर्ताओं की व्यवस्थाओं की प्रशंसा की। पूरे मेले के दौरान सेवा कार्यों में बड़ी संख्या में स्वयंसेवक सक्रिय रहे।



















