21 जून को आयोजित होगी री-नीट (यूजी) परीक्षा

0
40

जयपुर। राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) नई दिल्ली द्वारा आयोजित री-नीट (यूजी) 2026 परीक्षा का आयोजन 21 जून 2026 (रविवार) को दोपहर 2 बजे से शाम 5:15 बजे तक जयपुर जिले के निर्धारित परीक्षा केन्द्रों पर किया जाएगा। परीक्षा के सफल, निष्पक्ष एवं सुचारू संचालन के लिए जिला प्रशासन द्वारा व्यापक तैयारियाँ सुनिश्चित की गई हैं।

जिला कलक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट संदेश नायक ने बताया कि परीक्षा केन्द्रों पर सुरक्षा व्यवस्था, कानून व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, गोपनीय परीक्षा सामग्री के सुरक्षित वितरण एवं संग्रहण सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाएँ सुनिश्चित की जाएंगी। परीक्षा केन्द्रों पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती की जाएगी तथा अभ्यर्थियों की संख्या के अनुसार सुरक्षा कर्मियों की नियुक्ति की गई है।

उन्होंने बताया कि परीक्षा दिवस पर अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग द्वारा प्रत्येक परीक्षा केन्द्र पर मेडिकल स्टाफ, प्राथमिक उपचार (फर्स्ट एड) तथा ओआरएस की उपलब्धता सुनिश्चित की जाएगी। आवश्यकता अनुसार एम्बुलेंस एवं अन्य चिकित्सा सुविधाएँ भी उपलब्ध रहेंगी।

रोडवेज, रेलवे, जेसीटीएसएल एवं जयपुर मेट्रो को अभ्यर्थियों के आवागमन हेतु पर्याप्त परिवहन सुविधाएँ उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं परीक्षा केन्द्रों के निरीक्षण एवं समन्वय के लिए सिटी को-ऑर्डिनेटर द्वारा सभी आवश्यक व्यवस्थाओं की सतत निगरानी की जाएगी। सूचना एवं जनसंपर्क विभाग को परीक्षा से संबंधित भ्रामक सूचनाओं, अफवाहों एवं नकल जैसी गतिविधियों पर प्रभावी रोक लगाने हेतु आवश्यक प्रचार-प्रसार एवं जनजागरूकता गतिविधियाँ संचालित करने के निर्देश दिए गए हैं।

जिला प्रशासन ने सभी संबंधित विभागों को राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन सुनिश्चित करने तथा परीक्षा के शांतिपूर्ण एवं पारदर्शी संचालन हेतु समन्वित रूप से कार्य करने के निर्देश प्रदान किए हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here