गोविन्द देवजी में होगी वृंदावन के प्राचीन सप्त देवालयों की कथा

0
38
The story of Vrindavan's ancient 'Sapta Devalayas' (seven temples) will be narrated at the Govind Devji temple.
The story of Vrindavan's ancient 'Sapta Devalayas' (seven temples) will be narrated at the Govind Devji temple.

जयपुर। ठिकाना मंदिर श्री गोविन्द देवजी में 17 से 23 जून तक वृंदावन के प्राचीन सप्त देवालयों पर आधारित विशेष कथा का आयोजन किया जाएगा। कथा का आयोजन प्रतिदिन प्रात: 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक सत्संग भवन में होगा। कथा का वाचन वृंदावन धाम के गौरदास महाराज करेंगे।

कथा के माध्यम से वृंदावन के सप्त देवालयों की गौरवशाली परंपरा, उनके इतिहास, आध्यात्मिक महत्व तथा गौड़ीय वैष्णव संप्रदाय में उनके योगदान पर प्रकाश डाला जाएगा। कथा में भक्तों को श्री गोविन्द देव, श्री गोपीनाथ, श्री मदनमोहन, श्री राधारमण, श्री दामोदर, श्री श्यामसुंदर तथा श्री विनोदीलाल के प्राकट्य, सेवा परंपरा और भक्ति दर्शन से परिचित कराया जाएगा।

कथा के दौरान वृंदावन के सप्त देवालयों से जुड़ी ऐतिहासिक घटनाओं, आचार्य परंपरा और भक्तों के जीवन में भक्ति की भूमिका का भी विस्तार से वर्णन किया जाएगा। श्रद्धालुओं को बताया जाएगा कि किस प्रकार इन विग्रहों की सेवा एवं उपासना ने भारतीय भक्ति आंदोलन को नई दिशा प्रदान की और करोड़ों भक्तों की आस्था का केन्द्र बनी।

कथा में आचार्य रूप गोस्वामी, सनातन गोस्वामी, जीव गोस्वामी, लोकनाथ गोस्वामी, गोपाल भट्ट गोस्वामी सहित अन्य आचार्यों के योगदान का भी वर्णन किया जाएगा। कथा के माध्यम से श्रद्धालुओं को वृंदावन की आध्यात्मिक विरासत, श्रीकृष्ण भक्ति के विभिन्न स्वरूपों तथा संत परंपरा के अमूल्य संदेशों से अवगत कराया जाएगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here