तेज रफ्तार थार ने स्कूटी सवार बुजुर्ग को मारी टक्कर

0
33

जयपुर। मालवीय नगर थाना इलाके में तेज रफ्तार नीली थार ने स्कूटी सवार 62 वर्षीय बुजुर्ग को टक्कर मार दी। हादसे में गंभीर घायल बुजुर्ग की एसएमएस अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर में उपचार के दौरान मौत हो गई। वहीं इस हादसे के बाद थार चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त थार को जब्त कर चालक की तलाश शुरू कर दी है।

मालवीय नगर थानाधिकारी गौरव प्रधान ने बताया कि मृतक की पहचान छाजू सिंह (62) के रूप में हुई है। वे मूल रूप से प्रेमपुरा, दौसा के रहने वाले थे और वर्तमान में बाईजी की कोठी, झालाना डूंगरी में रह रहे थे। छाजू सिंह एक हॉस्टल में गार्ड की नौकरी करते थे।

पुलिस के अनुसार छाजू सिंह पिछले दो-तीन दिन से बीमार थे और उन्हें खांसी-जुकाम की शिकायत थी। जो स्कूटी से दवाई लेने जयपुरिया अस्पताल जा रहे थे। इसी दौरान सरस पुलिया के पास तेज रफ्तार थार ने उनकी स्कूटी को टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी तेज थी कि छाजू सिंह उछलकर सड़क पर जा गिरे। इसके बाद वे करीब 50 मीटर तक सड़क पर घिसटते चले गए। हादसे में उनकी पसलियों सहित शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं। स्कूटी को टक्कर मारने के बाद थार भी अनियंत्रित हो गई।

एसयूवी सड़क किनारे लगे खंभे से टकराई और उसे तोड़ते हुए काफी दूर तक चली गई। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल छाजू सिंह को एसएमएस अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया। चिकित्सकों ने उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।

पुलिस ने दुर्घटना में शामिल थार को जब्त कर लिया है। चालक हादसे के बाद मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है। घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस हादसे की परिस्थितियों की भी जांच कर रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here