जयपुर। दिगम्बर जैन धर्मावलम्बियों ने सोमवार को वीर शासन जयन्ती पर्व मनाया गया ।इस मौके पर शहर में चातुर्मास स्थलों एवं मंदिरों में भगवान महावीर के उपदेशों पर जैन संतों के विशेष प्रवचन हुए । इस मौके पर शहर के दिगम्बर जैन मंदिर भगवान महावीर के जयकारों से गुंजायमान हो उठे।
राजस्थान जैन युवा महासभा के प्रदेश महामंत्री विनोद जैन कोटखावदा के अनुसार वीर शासन जयन्ती पर्व के उपलक्ष्य में शहर के विभिन्न जैन मंदिरों में संगोष्ठिया हुई। साधु संतों द्वारा भगवान महावीर के उपदेशों पर विशेष प्रवचन दिया गया ।
विनोद जैन के मुताबिक जैन धर्म के 24 वे तीर्थंकर भगवान महावीर को वैशाख शुक्ला दशमी को केवल ज्ञान प्राप्त हुआ था लेकिन उस समय ज्ञान ग्रहण करने वाला कोई उचित श्रोता या शिष्य पात्र नहीं होने के कारण जैन धर्म के अन्य 23 तीर्थंकरों की भांति उस दिन भगवान महावीर की वाणी नहीं खिरी अर्थात उस दिन भगवान महावीर ने कोई उपदेश नहीं दिया। 66 दिवस पश्चात श्रावण कृष्णा एकम् को राजगिरी में भगवान महावीर का समोवशरण लगा तो उसमें उपदेश को ग्रहण करने वाले उचित पात्र (श्रोता/शिष्य) गौतम गणधर उपस्थित थे।
गौतम गणधर को भगवान महावीर ने अपने ज्ञान से पहचान लिया एवं उसी समय भगवान की वाणी खिर गई अर्थात उन्होंने उपदेश देना प्रारंभ कर दिया। और इसीलिए यह दिन भगवान महावीर के उपदेशों के महत्व को दर्शाता है। इसी दिन से वीर शासन जयन्ती मनाना शुरु हो गया। जैन धर्मावलंबियों द्वारा हर साल श्रावण कृष्णा प्रतिपदा (एकम्) को यह पर्व पूरे देश में भक्ति भाव से मनाया जाता है।
विनोद जैन के मुताबिक भगवान महावीर के अहिंसा, ब्रह्मचर्य, सत्य, अपरिग्रह, स्यादवाद्, अनेकान्तवाद इत्यादि सिद्धांत आज भी पूरे विश्व के लिए अनुकरणीय है। इस दिन संगोष्ठिया, विशेष प्रवचन इत्यादि के आयोजन किए जाते हैं।
मीरा मार्ग के श्री आदिनाथ दिगम्बर जैन भवन में मुनि प्रणम्य सागर महाराज ससंघ के सानिध्य में वीर शासन जयन्ती मनाई गई। मुनि श्री ने अपने प्रवचन में भगवान महावीर के उपदेशों एवं सिद्धांतों को वर्तमान समय में भी प्रासंगिक बताते हुए इन्हें अपनाने तथा जीवन में पूर्ण पालन करने का उपस्थित श्रद्धालुओं से आव्हान किया। इस मौके पर बड़ी संख्या में गणमान्य श्रेष्ठीजन शामिल हुए।
राजस्थान जैन युवा महासभा जयपुर के प्रदेश महामंत्री विनोद जैन कोटखावदा के मुताबिक प्रताप नगर सैक्टर 8 के दिगंबर जैन मंदिर में उपाध्याय ऊर्जन्तसागर महाराज, दिगम्बर जैन अतिशय क्षेत्र पदमपुरा बाड़ा में मुनि महिमा सागर महाराज ससंघ, झोटवाडा के श्री पार्श्वनाथ दिगम्बर जैन मंदिर में आचार्य शशांक सागर महाराज ससंघ, अग्रवाल फार्म स्थित श्री पार्श्वनाथ दिगम्बर जैन मंदिर थड़ी मार्केट में उपाध्याय वृषभानन्द महाराज, दुर्गापुरा के श्री चन्द्रप्रभू दिगम्बर जैन मंदिर में मुनि पावन सागर महाराज ससंघ, बरकत नगर के णमोकार भवन में मुनि अर्चित सागर महाराज, दहमीकला के श्री आदिनाथ दिगम्बर जैन मंदिर में आचार्य नवीन नन्दी महाराज, बीलवा के नांगल्या स्थित विमल परिसर में गणिनी आर्यिका 105 नंगमति माताजी के सानिध्य में सोमवार को प्रातः वीर शासन जयन्ती के विशेष आयोजन किए गए। इस मौके पर शहर के दिगम्बर जैन मंदिर भगवान महावीर के जयकारों से गुंजायमान हो उठे।