दिनदहाड़े सूने मकान के ताले तोड़ लाखों की चोरी

0
60

जयपुर। शिप्रापथ थाना क्षेत्र में दिनदहाड़े सूने मकान में चोरी की वारदात सामने आई है। अज्ञात चोरों ने मकान के मुख्य दरवाजे का ताला तोड़कर लाखों रुपए के सोने-चांदी के जेवरात और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। घटना के समय पीड़ित परिवार कुछ घंटों के लिए घरेलू सामान लेने बाजार गया हुआ था। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जांच अधिकारी एसआई देवेंद्र सिंह के अनुसार एसएफएस अग्रवाल फार्म, मानसरोवर निवासी नीरज अग्रवाल (42) ने शिप्रापथ थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। रिपोर्ट के अनुसार 5 जून को सुबह करीब 11 बजे वह अपने परिवार के साथ मकान का ताला लगाकर घरेलू सामान खरीदने के लिए बाजार गए थे। शाम को लौटने पर मकान के मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ मिला।

घर के अंदर प्रवेश करने पर सारा सामान बिखरा पड़ा था। चोरों ने घर में रखी दो लोहे की अलमारियों के ताले तोड़कर उनमें रखी नकदी और कीमती आभूषण चोरी कर लिए। चोरी गए सामान में करीब 1.20 लाख रुपए नकद, लगभग 8 तोला सोने के आभूषण और करीब आधा किलो चांदी के जेवरात शामिल हैं।

पीड़ित ने पुलिस को बताया कि अन्य सामान के नुकसान का आकलन अभी किया जा रहा है, क्योंकि घटना के बाद उन्होंने किसी भी सामान को हाथ नहीं लगाया है। उन्होंने पुलिस से मौके का निरीक्षण कर चोरी गए माल की बरामदगी की मांग की है।

पुलिस ने मामला दर्ज कर आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। साथ ही संदिग्ध व्यक्तियों की गतिविधियों की जांच कर चोरों की तलाश की जा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here