थार से टक्कर मारकर लूट करने वाली गैंग के दो आरोपी गिरफ्तार

0
46

जयपुर। जयसिंहपुरा खोर थाना पुलिस ने थार से टक्कर मारकर लूटपाट करने वाली गैंग का पर्दाफाश करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से लूटा गया मोबाइल और वारदात में इस्तेमाल काली थार बरामद की है। पूछताछ में आरोपियों ने कानोता, शिवदासपुरा और जयसिंहपुरा खोर थाना क्षेत्रों में दर्जनों लूट और स्नैचिंग की वारदातें करना स्वीकार किया है।

पुलिस उपायुक्त (जयपुर उत्तर) करण शर्मा ने बताया कि जयसिंहपुरा खोर थाना पुलिस ने थार से टक्कर मारकर लूटपाट करने वाली गैंग के अभिषेक शर्मा (25) निवासी तुंगा, हाल विवेक विहार, जामडोली और राहुल बैरवा (20) निवासी लखेसरा, कानोता को गिरफ्तार किया।

पूछताछ में सामने आया कि आरोपी रोज अलग-अलग इलाकों में सुनसान स्थानों की रेकी करते थे। इसके बाद पैदल राहगीरों या बाइक सवारों को थार से टक्कर मारकर गिराते और मारपीट कर मोबाइल व नकदी लूट लेते थे। पीड़ितों को झाड़ियों या सुनसान जगह पर छोड़कर फरार हो जाते थे। पुलिस गैंग के अन्य फरार आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है।

थानाधिकारी रघुवीर सिंह राठौड़ ने बताया कि 27 अगस्त को दर्ज रिपोर्ट में परिवादी ने बताया था कि वह दोस्तों के साथ बाइक से मथुरादासपुरा गया था। रात करीब 12 बजे श्मशान घाट के पास काली थार में सवार 3-4 बदमाशों ने बाइक रुकवाई और मारपीट कर नकदी व मोबाइल छीन लिया। मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।
पुलिस ने घटनास्थल से लेकर संभावित रूट तक के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और तकनीकी सहायता से आरोपियों की पहचान की।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here