
जयपुर। पश्चिम बंगाल, असम और पुदुचेरी में भाजपा की ऐतिहासिक जीत पर भाजपा प्रदेश मुख्यालय में भव्य उत्सव मनाया गया। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के साथ भाजपा पदाधिकारी, सरकार के मंत्री और बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने बंगाली मिठाई ‘संदेश’, मिष्टी दोई खिलाकर खुशी व्यक्त की।
इस दौरान मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने झालमुड़ी खाई तथा कार्यकर्ताओं को खिलाई। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कार्यकर्ताओं का आभार जताते हुए कहा कि पश्चिम बंगाल सहित असम और पुदुचेरी में भाजपा की ऐतिहासिक जीत पर पूरे हिंदुस्तान के राष्ट्रभक्त नागरिकों में खुशी की लहर है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में अब पश्चिम बंगाल विकास की नई बुलंदियों को छुएगा। भाजपा सरकार अब पश्चिम बंगाल की जनता को सुशासन देगी। राठौड़ ने भाजपा शीर्ष नेतृत्व के साथ मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा एवं उनकी टीम को भी पश्चिम बंगाल चुनाव में जन जागरण चलाने और भारी बहुमत के साथ कमल खिलाने पर आभार व्यक्त किया। इस दौरान मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा भाजपा प्रदेश कार्यालय में कार्यकर्ताओं के साथ बैठकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का उद्बोधन सुना।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि पश्चिम बंगाल में ममता बनर्जी के भ्रष्टाचार और कुप्रबंधन से आमजन परेशान हो गया था। ममता बनर्जी ने बांग्लादेश से जुड़े क्षेत्रों में लगातार घुसपैठियों को देश में प्रवेश करवाया। इतना ही नहीं, ममता बनर्जी ने जैसा आचरण वहां की जनता के साथ किया, उससे परेशान मतदाताओं ने ममता को हराकर कमल खिलाने का काम किया है।
पश्चिम बंगाल की जनता ने ममता बनर्जी के मंसूबों को नेस्तनाबूद करने का काम किया। अब देश में एक भी घुसपैठिया नहीं घुस पाएगा। ममता के गुंडे राष्ट्रभक्त लोगों के साथ मारपीट करते थे, जबरन उनके घरों में आग लगाने जैसी वारदातों को अंजाम दे रहे थे, लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पश्चिम बंगाल में अब बदलाव की बयार आई है। भाजपा की प्रचंड जीत पर सभी कार्यकर्ताओं को हार्दिक बधाई।


















