झाड़ियों में मिला महिला का शव: सिर पर पत्थर से वार कर हत्या की आशंका

0
39

जयपुर। सांगानेर सदर थाना इलाके में रिंग रोड के पास बुधवार तड़के करीब तीन बजे सड़क किनारे झाड़ियों में महिला का शव मिलने से सनसनी फैल गई। महिला की पहचान मजदूरी करने वाली के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में उसके सिर पर पत्थर से वार कर हत्या किए जाने की आशंका सामने आई है।

परिजनों ने हत्या से पहले दुष्कर्म की भी आशंका जताई है। पुलिस ने एफएसएल टीम को मौके पर बुलाकर साक्ष्य जुटाए हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और एफएसएल जांच के बाद ही मौत के कारण और अन्य आरोपों की स्थिति स्पष्ट होगी।

थानाधिकारी कमलेश कुमार ने बताया कि तड़के रिंग रोड पर महिला का शव मिलने की सूचना मिली थी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। परिजनों की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

21 सितंबर से थी लापता

परिजनों के अनुसार महिला 21 सितंबर को मजदूरी के लिए घर से निकली थी। वह पहले चौखटी इलाके में जाती थी, जहां से मजदूरी के लिए निकलती थी। उस दिन उसे एक प्लॉट पर सफाई और पौधों की देखभाल के काम पर जाने की जानकारी सामने आई थी। इसके बाद वह घर नहीं लौटी। परिजनों ने मोबाइल पर संपर्क किया तो फोन बंद मिला। काफी तलाश के बाद भी पता नहीं चलने पर पुलिस को सूचना दी गई। बुधवार तड़के उसका शव रिंग रोड के पास झाड़ियों में मिला।

परिजन और ग्रामीणों का प्रदर्शन

घटना के बाद परिजन और ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। उन्होंने अस्पताल की मोर्चरी के बाहर प्रदर्शन कर आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और सख्त कार्रवाई की मांग की। परिजनों का आरोप है कि महिला के सिर पर पत्थर से वार कर हत्या की गई और शव झाड़ियों में फेंका गया। उन्होंने दुष्कर्म की आशंका भी जताई है, जिसकी पुलिस जांच कर रही है।

सोने का आभूषण गायब होने का आरोप

परिजनों ने पुलिस को बताया कि महिला ने सोने का आभूषण पहन रखा था, जो शव से नहीं मिला। हालांकि उसके पैरों में चांदी की पायजेब मिली है। पुलिस इस बिंदु को भी जांच में शामिल कर रही है।

पुलिस घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। साथ ही महिला के मोबाइल की कॉल डिटेल और आखिरी बार संपर्क में रहे लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here