नामांकन के आखिरी दिन भाजपा-कांग्रेस में भागदौड़: बागियों ने भी ठोकी ताल

0
40

जयपुर। नगर निगम जयपुर के 150 वार्डों में पार्षद चुनाव के लिए सोमवार को नामांकन दाखिल करने का अंतिम दिन रहा। भाजपा और कांग्रेस ने कई वार्डों में अंतिम समय तक प्रत्याशियों के नाम घोषित किए, जिसके चलते प्रत्याशियों को सिंबल लेकर नामांकन केंद्रों तक पहुंचने के लिए काफी भागदौड़ करनी पड़ी। शहर में बनाए गए 15 नामांकन प्राप्ति केंद्रों पर दिनभर प्रत्याशियों और समर्थकों की भीड़ रही। कुछ प्रत्याशियों को पार्टी के सिंबल नामांकन स्थल पर ही पहुंचाए गए, जबकि कई प्रत्याशी अंतिम समय में केंद्रों पर पहुंचे।

टिकट नहीं मिलने से नाराज कई दावेदारों ने पार्टी से बगावत करते हुए निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में नामांकन दाखिल कर दिया। इससे कई वार्डों में भाजपा और कांग्रेस के अधिकृत प्रत्याशियों के सामने बागियों की चुनौती भी खड़ी हो गई है।

टिकट कटने पर कांग्रेस कार्यकर्ता ने खोला मोर्चा

कांग्रेस कार्यकर्ता अजहरुद्दीन ने वार्ड 103 से बागी प्रत्याशी के रूप में नामांकन दाखिल किया। उन्होंने कहा कि वह पूर्व में पार्षद रह चुके हैं, लेकिन इस बार कांग्रेस ने टिकट रिपीट नहीं करने का हवाला देकर उनका टिकट काट दिया, जबकि कई अन्य पार्षदों को दोबारा मौका दिया गया। अजहरुद्दीन ने आरोप लगाया कि कुसुम यादव प्रकरण के दौरान उन्होंने कांग्रेस के कहने पर भाजपा का बोर्ड गिराने से इनकार किया था, इसी वजह से उनका टिकट काटा गया। उन्होंने प्रताप सिंह खाचरियावास पर तानाशाही का आरोप लगाते हुए कहा कि वे कांग्रेस को अपनी जागीर समझते हैं। उन्होंने आलाकमान से मामले में हस्तक्षेप की मांग की।

वार्ड 101 में एक नाम के दो दावेदार

नामांकन के दौरान वार्ड 101 में भाजपा के सिंबल को लेकर भी विवाद सामने आया। भाजपा की सूची में केवल ‘रवि शंकर शर्मा’ नाम होने से इसी नाम के दो दावेदार अपना हक जताते हुए जिला परिषद स्थित नामांकन केंद्र पहुंच गए। दोनों के समर्थकों के बीच रिटर्निंग अधिकारी के कक्ष के बाहर और भीतर तीखी बहस और नोकझोंक हुई।

सुभाष नगर निवासी भाजपा के पूर्व जिला उपाध्यक्ष रवि शंकर शर्मा ने सिंबल के साथ अपना नामांकन दाखिल किया। उन्होंने बताया कि सूची में पिता का नाम नहीं होने से भ्रम की स्थिति बनी थी, जो अब दूर हो गई है। उनके आधिकारिक सिंबल पर पिता का नाम छगनलाल दर्ज है। वहीं संजय कॉलोनी निवासी दूसरे रवि शंकर शर्मा ने दूसरे पक्ष पर सिंबल हड़पने का आरोप लगाया।

रिटर्निंग अधिकारी खुशबू शर्मा ने बताया कि सिंबल कई वकीलों के माध्यम से भी जमा कराए गए हैं। फिलहाल मामले को होल्ड पर रखा गया है। मंगलवार को नामांकन पत्रों की जांच के बाद ही वास्तविक दावेदार के संबंध में अंतिम निर्णय होगा।

युवा चेहरे को भी मौका

सिविल लाइंस विधानसभा क्षेत्र के वार्ड 101 से कांग्रेस ने युवा चेहरे दुर्गेश शर्मा को प्रत्याशी बनाया है। उन्होंने जिला परिषद स्थित नामांकन केंद्र पर सिंबल जमा कराया। टिकट मिलने पर कांग्रेस नेता प्रताप सिंह खाचरियावास का आभार जताते हुए उन्होंने कहा कि वार्ड में सड़क, कचरा और सीवरेज की समस्याओं का समाधान उनकी प्राथमिकता रहेगा। दोनों दलों ने कई वार्डों में महिला प्रत्याशियों को भी मैदान में उतारा है। इसके चलते नामांकन केंद्रों पर महिला प्रत्याशियों और उनके समर्थकों की भी बड़ी संख्या में मौजूदगी रही।

कलेक्टर ने लिया व्यवस्थाओं का जायजा

नामांकन के अंतिम दिन जयपुर कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी संदेश नायक ने विभिन्न नामांकन केंद्रों का निरीक्षण कर सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि अंतिम दिन भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन की ओर से पर्याप्त व्यवस्थाएं की गई हैं। 1 सितंबर को नामांकन पत्रों की जांच होगी। इसके बाद नाम वापसी और चुनाव चिह्न आवंटन की प्रक्रिया होगी। नगर निगम चुनाव में 9 और 11 सितंबर को दो चरणों में मतदान तथा 14 सितंबर को मतगणना होगी। मतदान दलों की रवानगी और मतगणना के लिए भवानी निकेतन परिसर का अधिग्रहण किया गया है। चुनाव के दौरान आदर्श आचार संहिता की पालना सख्ती से कराई जाएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here