रूठे मानसून को मनाने के लिए गोविंद देवजी मंदिर में रविवार को होगा सुवृष्टि पर्जन्य गायत्री महायज्ञ

0
36
'Suvrishti Parjanya Gayatri Mahayagya' to be held at Govind Devji Temple on Sunday.
'Suvrishti Parjanya Gayatri Mahayagya' to be held at Govind Devji Temple on Sunday.

जयपुर। प्रदेश और राजधानी जयपुर में मानसून की बेरुखी से आमजन परेशान है। इसी रूठे मानसून को मनाने और अच्छी वर्षा की कामना के लिए रविवार को आराध्य देव श्री गोविंद देवजी मंदिर में सुबह 8 बजे से ‘सुवृष्टि पर्जन्य गायत्री महायज्ञ’ का भव्य आयोजन किया जाएगा। यह महायज्ञ मंदिर महंत अंजन कुमार गोस्वामी महाराज के पावन सानिध्य में संपन्न होगा। यज्ञ की तैयारियों को लेकर एक विशेष बैठक का भी आयोजन किया गया, जिसमें व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया गया।

शास्त्रों के अनुसार वर्षा के लिए विशिष्ट मंत्रों के जप और उनसे आहुतियां देने का विधान है। इसी परंपरा का निर्वहन करते हुए यज्ञ में वरुण देवता का भाव भरा आह्वान कर सोडशोपचार पूजन किया जाएगा। गायत्री शक्तिपीठ, ब्रह्मपुरी की टोली द्वारा विशिष्ट वेद मंत्रों के साथ यज्ञ संपन्न कराया जाएगा। मान्यता है कि श्रद्धालुओं की करुण पुकार से प्रसन्न होकर वरुण देवता समुचित वर्षा की व्यवस्था करते हैं।

महायज्ञ के इस पावन अवसर पर श्रद्धालुओं के लिए तीन विशेष संस्कारों का निशुल्क आयोजन भी किया जा रहा है। जिसमें जन्मदिन संस्कार, विवाह दिवस संस्कार, पुंसवन संस्कार शामिल है। यज्ञ और इन संस्कारों में सम्मिलित होने वाले श्रद्धालुओं को अपने साथ कोई भी सामग्री लाने की आवश्यकता नहीं है। समस्त सामग्री आयोजन स्थल पर ही उपलब्ध कराई जाएगी।

यज्ञ स्थल पर स्वाध्याय की प्राचीन परंपरा को पुनर्जीवित करने के उद्देश्य से एक साहित्य स्टॉल भी लगाई जाएगी। यहाँ बच्चों, किशोरों, युवाओं और महिला-पुरुषों के लिए प्रेरक साहित्य लागत मूल्य पर उपलब्ध रहेगा। इसके अतिरिक्त, घर पर आसानी से मात्र दो मिनट में बिना किसी लागत के किए जाने वाले ‘बलिवैश्व हवन’ के लिए तांबे का विशेष पात्र भी श्रद्धालुओं को उपलब्ध कराया जाएगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here