जयपुर। राजधानी जयपुर में 19 से 26 मार्च तक शिला देवी मंदिर, आमेर में आयोजित होने वाले नवरात्रा मेले के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के आगमन को देखते हुए यातायात व्यवस्था में विशेष बदलाव किए जाएंगे।

जयपुर यातायात पुलिस के अनुसार मेले के दौरान आवश्यकता पड़ने पर आमेर रोड पर सामान्य यातायात को डायवर्ट किया जाएगा, ताकि श्रद्धालुओं को सुगम आवागमन मिल सके और जाम की स्थिति से बचा जा सके।

यातायात व्यवस्था के तहत जयपुर शहर से आमेर होते हुए दिल्ली रोड की ओर जाने वाले वाहनों को रामगढ़ मोड़ से डायवर्ट कर धोबीघाट, बंध की घाटी और सड़वा मोड़ होकर निकाला जाएगा। वहीं दिल्ली रोड से आमेर होते हुए जयपुर शहर आने वाले यातायात को आमेर तिराहा से सड़वा मोड़, बंध की घाटी और धोबी घाट के रास्ते डायवर्ट किया जाएगा।

इसके अलावा रामगढ़ मोड़ से आमेर की ओर जाने वाली बसों व मिनी बसों को भी आवश्यकतानुसार धोबी घाट होते हुए दिल्ली बाईपास के जरिए आमेर भेजा जाएगा। इसी तरह आमेर से रामगढ़ मोड़ की ओर आने वाली बसों को आमेर तिराहा से डायवर्ट कर धोबी घाट के रास्ते निकाला जाएगा।

यातायात पुलिस ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे अपने वाहनों को निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही खड़ा करें और मेले के दौरान वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें, जिससे यातायात व्यवस्था सुचारू बनी रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here