जयपुर। जयपुर विकास प्राधिकरण (जेडीए) ने शुक्रवार को शहर के विभिन्न क्षेत्रों में व्यापक अतिक्रमण विरोधी अभियान चलाया। जयपुर विकास आयुक्त सिद्धार्थ महाजन के निर्देश पर प्रवर्तन दस्ते ने यातायात पुलिस और नगर निगम के सहयोग से गोपालपुरा बाईपास से गुर्जर की थड़ी होते हुए त्रिवेणी चौराहे तक करीब तीन किलोमीटर क्षेत्र में सड़क सीमा से अतिक्रमण हटाए।
उप महानिरीक्षक पुलिस आनंद शर्मा ने बताया कि जोन-सी (05) क्षेत्र में सड़क सीमा पर किए गए करीब 80 अस्थायी अतिक्रमणों को हटाया गया। इनमें चबूतरे, सीढ़ियां, रेलिंग, थड़ियां, टेबल-कुर्सियां, होर्डिंग, साइन बोर्ड, लोहे के एंगल, टीनशेड और अन्य सामान शामिल थे। कार्रवाई के दौरान नगर निगम ने अतिक्रमण सामग्री जब्त की।
इसी क्षेत्र में गुर्जर की थड़ी स्थित गैर अनुमोदित गंगाराम नगर कॉलोनी में जेडीए की अनुमति के बिना बनाए गए टीनशेडनुमा कमरे को भी ध्वस्त किया गया। जोन-08 क्षेत्र में सांगानेर की चित्रकूट कॉलोनी में सड़क सीमा पर बने चबूतरे, बाउंड्रीवाल, टीनशेड, होर्डिंग और साइन बोर्ड हटाकर मार्ग को अतिक्रमण मुक्त कराया गया।
वहीं जोन-14 क्षेत्र में ग्राम रामचन्द्रपुरा, तहसील सांगानेर में खसरा संख्या 1060, 1061, 1065, 1066 और 1068 की गैर मुमकिन आम रास्ते की भूमि पर करीब 300 मीटर लंबाई में किए गए कब्जे हटाए गए। यहां बाउंड्रीवाल, झाड़ियां, कांटेदार बाड़ और तारबंदी कर रास्ता अवरुद्ध किया गया था, जिससे स्थानीय लोगों को परेशानी हो रही थी।
इसके अलावा जोन-11 क्षेत्र के ग्राम जयसिंहपुरा स्थित शिव निकुंज कॉलोनी और राम लक्ष्मण वाटिका कॉलोनी के बीच सड़क सीमा पर बने चबूतरे, बाउंड्रीवाल और लोहे के गेट हटाकर मार्ग को अतिक्रमण मुक्त कराया गया।
यह कार्रवाई मुख्य नियंत्रक प्रवर्तन शिल्पा चौधरी के पर्यवेक्षण में उप नियंत्रक प्रवर्तन प्रथम, द्वितीय एवं चतुर्थ, प्रवर्तन अधिकारी जोन-सी, 19, 23, 25, 14, 08 और 11 के निर्देशन में जेसीबी मशीनों, श्रमिकों तथा राजस्व एवं तकनीकी स्टाफ की मौजूदगी में संपन्न हुई।



















