जयपुर। संसार चंद रोड स्थित दरगाह मीर कुर्बान अली में हजरत सैय्यद महबूब उर रहमान नियाजी रहमतुल्लाह अलैह का 10वां सालाना उर्स 14 से 16 जून तक श्रद्धा और अकीदत के साथ मनाया जाएगा। उर्स की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। इस अवसर पर उर्स के आधिकारिक पोस्टर का भी विमोचन किया गया।
दरगाह के सज्जादानशीन डॉ. सैय्यद हबीब उर रहमान नियाजी ने बताया कि तीन दिवसीय उर्स का आगाज 14 जून को शाम आयोजित होने वाली सूफी कॉन्फ्रेंस से होगा। कॉन्फ्रेंस की सदारत अजमेर दरगाह के दीवान हजरत सैय्यद नसीरुद्दीन चिश्ती करेंगे। इस दौरान “मेरा मुल्क मेरी पहचान, मेरी पहचान हिन्दुस्तान” विषय पर विचार-विमर्श होगा। प्रदेशभर की विभिन्न दरगाहों के प्रतिनिधि भी इसमें शिरकत करेंगे।
उन्होंने बताया कि रात में सूफी क्लासिकल म्यूजिक नाइट का आयोजन होगा, जिसमें प्रसिद्ध फनकार अपनी प्रस्तुतियां देंगे। 15 जून को सुबह 7 बजे कुरानखानी, सुबह 11 बजे मजार मुबारक का गुस्ल और शाम 6 बजे चादर पेश की जाएगी। रात 9 बजे लंगर का आयोजन होगा, जबकि देर रात महफिल-ए-समा में देशभर के नामचीन कव्वाल अपने कलाम पेश करेंगे।
उर्स के अंतिम दिन 16 जून को सुबह मिलाद शरीफ का आयोजन होगा। नमाज-ए-जोहर के बाद कव्वाली कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा तथा शाम 5 बजे कुल की रस्म के साथ उर्स का समापन होगा।
दरगाह के नायब सज्जादानशीन सैय्यद फैज उर रहमान नियाजी ने बताया कि उर्स में प्रदेश, देश और विदेश से बड़ी संख्या में मुरीद एवं अकीदतमंद शामिल होंगे। कई प्रमुख हस्तियों के भी उर्स में शिरकत करने की संभावना है। उन्होंने कहा कि उर्स की सभी व्यवस्थाएं लगभग पूरी कर ली गई हैं और श्रद्धालुओं के स्वागत की तैयारियां जोरों पर हैं।



















